बंगाल में बनेगी भाजपा की सरकार- सीएम साय
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि वहां इस बार सत्ता परिवर्तन निश्चित है. खराब मौसम के कारण अपना कुनकुरी दौरा रद्द होने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में एक स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है और आगामी चुनावों में वहां भाजपा की सरकार बनेगी.
मुख्यमंत्री साय ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार की तुलना बिहार के पुराने 'जंगलराज' से करते हुए कहा कि वर्तमान बंगाल सरकार ने अराजकता के मामले में लालू यादव के दौर को भी पीछे छोड़ दिया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिसके कारण बहन-बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
सीएम साय ने यह भी कहा कि ममता सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को जानबूझकर बाधित किया है, जिससे राज्य का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है.
भाजपा की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए सीएम साय ने कहा कि नामांकन रैलियों में उमड़ रहा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि जनता अब बदलाव चाहती है.
उनके अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के शासन में विकास की गति पूरी तरह थम गई है, लेकिन अब बंगाल की जनता ने भाजपा को भारी जनसमर्थन देकर सुशासन लाने का मन बना लिया है.
इससे पहले, मुख्यमंत्री को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलिकॉप्टर से कुनकुरी रवाना होना था, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी मौसम साफ न होने के कारण सुरक्षा कारणों से उन्हें अपना दौरा स्थगित करना पड़ा.