बृजमोहन अग्रवाल बोले- नेताओं का अस्तित्व कार्यकर्ताओं के कंधों पर टिका है
रायपुर । संवाददाता: भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में वरिष्ठ भाजपा नेता और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संगठन की मजबूती का नया मंत्र दिया. कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि आज भाजपा जिस शिखर पर विराजमान है, वह किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों के त्याग और अखंड परिश्रम का फल है.
उन्होंने नेताओं को जमीनी हकीकत का अहसास कराते हुए कहा कि आज कोई भी व्यक्ति अगर सांसद, विधायक या मंत्री के पद पर है, तो वह अपने व्यक्तिगत दम पर नहीं, बल्कि जांबाज कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत वहां तक पहुँचा है.
रायपुर नगर निगम का उदाहरण देते हुए अग्रवाल ने बताया कि 70 में से 60 पार्षदों का भाजपा का होना कार्यकर्ताओं के अटूट समर्पण को दर्शाता है.
उन्होंने सत्ता में बैठे दिग्गजों को नसीहत दी कि अगर भविष्य में भी जीत का परचम लहराना है, तो कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता देनी होगी. मुख्यमंत्री से लेकर विधायक तक, सभी का यह नैतिक कर्तव्य है कि वे अपने कार्यकर्ताओं की चिंता करें, क्योंकि उनके बिना चुनाव जीतना असंभव है.
सांसद अग्रवाल ने पार्टी के उन कठिन दिनों को भी याद किया जब कार्यकर्ताओं को विचारधारा की रक्षा के लिए लाठियां खानी पड़ती थीं और जेल जाना पड़ता था.
उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे मनीषियों का स्मरण करते हुए कहा कि आज हम उन महापुरुषों द्वारा लगाए गए वृक्ष के फल खा रहे हैं, इसलिए अहंकार का कोई स्थान नहीं होना चाहिए.
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लें.
भावुक संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता ईश्वर की इच्छा से राष्ट्रसेवा के मिशन पर निकला है. उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे ऐसा कोई आचरण न करें जिससे संगठन की छवि धूमिल हो. अग्रवाल के अनुसार, पार्टी का विस्तार उन क्षेत्रों में भी करना होगा जहाँ अभी भाजपा की उपस्थिति कम है, ताकि राष्ट्र निर्माण का यह संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो सके.