सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर में मुठभेड़ में 1 नक्सली की मौत

बीजापुर में मुठभेड़ में 1 नक्सली मृत

C

CG Khabar

19 दिस. 2025, 09:32 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

नक्सली मृत
नक्सली मृत

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इंदिरावती नदी के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार सुबह सुरक्षाकर्मियों ने माओवादियों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान चलाया. थाना भैरमगढ़ के अंतर्गत आने वाले आदवाड़ा और कोटमेटा क्षेत्रों में डीआरजी की टीम को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुबह करीब छह बजे दोनों पक्षों के बीच जोरदार गोलीबारी शुरू हो गई. यह फायरिंग रुक-रुक कर कई घंटों तक जारी रही, जिसमें सुरक्षाबलों ने एक हाई-प्रोफाइल नक्सली को मार गिराने में सफलता हासिल की.


पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल पर अब तक एक माओवादी का शव बरामद हो चुका है, साथ ही उसके पास से हथियारों का भंडार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है. मारे गए नक्सली की शिनाख्त एरिया कमेटी मेंबर फगनू माड़वी के रूप में हुई है. 

विज्ञापन


35 वर्षीय फगनू मूल रूप से गोरना गांव का रहने वाला था और थाना बीजापुर के दायरे में आता था. वह भैरमगढ़ एरिया कमेटी का प्रमुख सदस्य था, जिसके सिर पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था. इस सफलता से इलाके में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.


मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन जारी रखते हुए सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक .303 राइफल (जिसके साथ एक मैगजीन और तीन गोली), एक 9 एमएम पिस्टल (एक मैगजीन और नौ राउंड के साथ), दो स्कैनर सेट, रेडियो सेट, मेडिकल किट, कार्डेक्स वायर, नक्सली पिट्ठू, पिस्टल पाउच तथा प्रचार सामग्री के रूप में पर्चे बरामद किए हैं. विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है, जो नक्सलियों की घात लगाने की योजना का संकेत देती है.


अधिकारीयों के अनुसार, यह अभियान नक्सली संगठन को कमजोर करने के लिए चलाए जा रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है. फिलहाल इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है, और सर्च जारी है. कोई सुरक्षाकर्मी हताहत होने की खबर नहीं है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP