DMF पर सवाल, रवि भगत को पद से हटाया- भूपेश बघेल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव को लेकर राजनीति गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया है कि रवि भगत को जिला खनिज निधि (DMF) और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाने की सज़ा दी गई है.
भूपेश बघेल ने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रवि भगत ने “अडानी कम्युनिकेशन विभाग” के प्रवक्ता से DMF और CSR में भ्रष्टाचार को लेकर कुछ सवाल पूछे थे. इन सवालों का न तो कोई जवाब दिया गया, न जांच हुई और न ही कोई कार्रवाई की गई. इसके विपरीत, पहले उन्हें नोटिस दिया गया और अब उन्हें BJYM के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया.
उन्होंने आगे लिखा कि एक आदिवासी युवा नेता को यह संदेश दिया गया है कि अगर आप अडानी की टीम के खिलाफ बोलेंगे तो इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. पानी, जंगल और जमीन छीनने के बाद अब भाजपा आदिवासियों से नेतृत्व भी छीन रही है.