शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बेमेतरा: तहसील कार्यालय से जब्त ट्रक चोरी, तीन गिरफ्तार

C

CG Khabar

23 अप्रै. 2026, 11:00 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ट्रक चोर गिरफ्तार
ट्रक चोर गिरफ्तार

बेमेतरा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से ट्रक चोरी करने के एक बेहद चौंकाने वाले मामले को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है. खम्हरिया तहसील कार्यालय के सामने सुरक्षा के लिहाज से खड़े किए गए रेत से लदे एक विशालकाय 16 चक्का ट्रक को पार करने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है. 


पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य का ट्रक और उसमें लदी अवैध रेत भी बरामद कर ली गई है.


घटना का सिलसिला तब शुरू हुआ जब प्रार्थी विनोद कुमार पात्रे की शिकायत पर थाना खम्हरिया में मामला दर्ज किया गया. दरअसल, 9 अप्रैल 2026 को बिना रॉयल्टी के रेत परिवहन करते हुए ट्रक क्रमांक (CG 04 NV 8342) को जब्त कर तहसील कार्यालय के सामने खड़ा किया गया था. 


ट्रक की चाबियां थाने में सुरक्षित जमा थीं, इसके बावजूद 21 और 22 अप्रैल की दरमियानी रात चोरों ने इस भारी-भरकम वाहन पर हाथ साफ कर दिया. सुबह जब वाहन नदारद मिला, तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया.


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपनी तफ्तीश तेज की, जिसका सुराग कवर्धा जिले में मिला. मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कवर्धा के एक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर संदेही हेमंत मरकाम को हिरासत में लिया. 


कड़ी पूछताछ में हेमंत ने राज उगलते हुए बताया कि उसने अपने दो साथियों, हंसुराम साहू और बैतल राम साहू के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था.


आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने रात के अंधेरे में तहसील कार्यालय के सामने से ट्रक चोरी किया और उसे सहसपुर लोहारा ले जाकर उसमें भरी रेत खाली कर दी. 


ट्रक को छिपाने के उद्देश्य से उसे एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया गया था. 


पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों हेमंत मरकाम (23), हंसुराम साहू (36) और बैतल राम साहू (41) को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार को उन्हें स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP