बलरामपुर: पुलिस कॉलोनी में आरक्षक की पत्नी ने फांसी लगा ली
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की पुलिस लाइन कॉलोनी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां एक आरक्षक की 33 वर्षीय पत्नी शालेन भगत ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया. इस घटना ने उनके परिवार और पुलिस समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है.
जानकारी के अनुसार, शालेन भगत शनिवार की रात अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ अलग कमरे में सोने गई थीं. उनकी बेटी को सर्दी-खांसी थी, इसलिए उन्होंने पंखा बंद रखा ताकि बच्ची को ठंड न लगे. उनके पति, आरक्षक संजीव भगत, दूसरे कमरे में सो रहे थे.
रात करीब 3:30 बजे बच्ची के रोने की आवाज सुनकर संजीव कमरे में पहुंचे तो शालेन को फंदे से लटका पाया. यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई राधेश्याम विश्वकर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया. मर्ग कायम कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शालेन पिछले कुछ समय से महिला स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित थीं और रविवार को इलाज के लिए बाहर जाने की तैयारी में थीं. लेकिन उससे पहले ही इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर दिया.
परिवार और पुलिस कॉलोनी में शोक की लहर छा गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.