धान संग्रहण केन्द्र से भारी ट्रक चोरी
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार के गांव से धान संग्रहण केन्द्र से भारी-भरकम ट्रक चोरी हो गया है. आजकल बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में चोरों का आतंक फैला हुआ है. 14 चक्के वाले भारी -भरकम ट्रक की चोरी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के चोर कुछ भी उड़ा सकते हैं.
मामला ग्राम हथबन्द के रिंगनी रेलवे फाटक के पास स्थित धान संग्रहण केंद्र का है.
हथबन्द थाना प्रभारी कैलाश चंद दास ने कहा कि ट्रक के चालक दिलेस्वर कुमार साहू 23 जुलाई को ट्रक को अन्य वाहनों के पास खड़ा कर हरेली त्यौहार मनाने अपने गृह ग्राम धमतरी गया हुआ था. जब वह 25 जुलाई को वापस लौटा, तो ट्रक मौके से गायब थी. आस-पास तलाश करने के बाद जब कुछ पता नहीं चला, तो उसने तत्काल थाना में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है.
पुलिस ने मामला दर्ज करके ट्रक की खोज-खबर शुरू कर दी है. लेकिन एक 14 चक्के वाले भारी-भरकम ट्रक की चोरी से गांव वाले हैरान हैं. जो भी सुन रहा है वह भी हैरान रह जा रहा है.
गांव वालों का कहना है कि इलाके में पुलिस की गस्त तथा निगरानी दुरस्त नहीं है.