छत्तीसगढ़: 22 से 28 सितंबर तक भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर । संवाददाता: बंगाल की खाड़ी में बने एक नए मौसम तंत्र के कारण छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेजी से जोर पकड़ रही हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में 22 से 28 सितंबर के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल चुका है. अगले 24 घंटों के दौरान इसके और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है, जो विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट को पार करते हुए आगे बढ़ेगा.
इस मौसमी तंत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने से छत्तीसगढ़ के मौसम पर सीधा प्रभाव पड़ेगा.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 23 सितंबर को बहुत भारी बारिश, 24 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश और 25 व 26 सितंबर को फिर से भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
इसके बाद 27 और 28 सितंबर को भी हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान 23 और 24 सितंबर को आकाशीय बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान आने की विशेष चेतावनी जारी की गई है.
मौसम के इस बदलाव का प्रभाव रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिलेगा.
विशेष रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा से सटे सीमावर्ती जिलों में तेज बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है. इससे पहले भी बीते 24 घंटों में दुर्ग में 26.6 मिमी, पेंड्रा में 24.8 मिमी, अंबिकापुर में 6.1 मिमी और बिलासपुर में 4.6 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है.
लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने आम लोगों को सतर्क रहने और जिला प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.