छत्तीसगढ़: शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 2 % की वृद्धि, 1 नवंबर से मिलेगी 60 % की दर
दीपावली से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा निर्णय: शासकीय कर्मचारियों के DA और पेंशनरों के DR में 2% की बढ़ोतरी, 1 नवंबर से 60% होगी दर.
रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली के पावन पर्व से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. राज्य सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनरों की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है.
इस निर्णय के तहत आगामी 1 नवंबर 2026 से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी.
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा.
इस महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत में वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपए प्रतिमाह तथा 432 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है. दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
उन्होंने आगे कहा कि इस फैसले से शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही उनके परिवारों में त्योहार की खुशियों और उल्लास में बढ़ोतरी होगी.