छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 34 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले में मंगलवार को 34 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया. यह राज्य में वामपंथी उग्रवाद को समाप्त करने के उद्देश्य से चलाई जा रही पुनर्वास पहलों की बढ़ती सफलता को दर्शाता है.
पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में 26 नक्सली ऐसे थे जिन पर सामूहिक रूप से 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
सरेंडर करने वाले कुल 34 कैडर, जिनमें सात महिलाएं शामिल हैं. इनमें से 26 कैडरों पर कुल 84 लाख रुपये का इनाम था.
ये नक्सली मुख्य रूप से माओवादियों की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC), तेलंगाना राज्य कमेटी और आंध्र ओडिशा सीमा डिवीजन में सक्रिय थे.
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख कैडरों में पांड्रू पुनेम (45), रुकनी हेमला (25), देवा उइका (22), रामलाल पोयाम (27), और मोटू पुनेम (21) शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
राज्य की पुनर्वास नीति के तहत, आत्मसमर्पण करने वाले इन कैडरों को तत्काल 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी. इसके अलावा, उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी. (Symbolic Photo)