कोरबा: शादी से इनकार के बाद युवती ने जहर खाकर दी जान
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में करतला क्षेत्र के सेंद्रीपाली की रहने वाली 19 वर्षीय युवती कृष्णो कुमारी ने प्रेम संबंध में मिले धोखे के कारण अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. युवती ने सोमवार को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक, कृष्णो कुमारी पिछले कुछ समय से श्रीराम गांव में अपनी बड़ी बहन और जीजा के पास रह रही थी, जहां उसकी मुलाकात जीवन निवासी रोशन कुमार से हुई. मोबाइल से शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और रोशन ने युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ रिश्ता बनाए रखा.
बताया जा रहा है कि युवक के परिजन भी इस संबंध से वाकिफ थे, लेकिन जैसे ही कृष्णो ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, रोशन और उसके परिवार ने अपना रुख बदल लिया और विवाह से साफ मना कर दिया.
इस विश्वासघात से आहत होकर युवती ने जंगल में जाकर जहर का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में उसने स्वयं फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका.
इस घटना के बाद से मृतक युवती के दस भाई-बहनों वाले परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है. Symbolic Photo