रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

चुनाव बाद हिंसा पर CEC ने दिए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश

C

CG Khabar

06 मई 2026, 02:25 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

ज्ञानेश कुमार CEC
ज्ञानेश कुमार CEC

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में भड़की हिंसा और तीन लोगों की मौत की खबरों को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने बेहद गंभीरता से लिया है. चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोलकाता पुलिस कमिश्नर सहित वरिष्ठ अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए हिंसा में शामिल उपद्रवियों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं. 


आयोग ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए और संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ निरंतर गश्त सुनिश्चित की जानी चाहिए.

विज्ञापन


राज्य में हुई हिंसा की घटनाओं में हावड़ा के उदयनारायणपुर में भाजपा कार्यकर्ता जादव बार और उत्तर 24 परगना के न्यू टाउन में मधु मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसका आरोप तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों पर लगा है. 


वहीं, बीरभूम के नानूर में टीएमसी समर्थक अबीर शेख की भी हत्या की खबर है, जिसके लिए पार्टी ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है. 


गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है और टीएमसी के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया है. चुनाव आयोग वर्तमान में स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है और पुलिस प्रशासन को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP