सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

मनेन्द्रगढ़ में दो कारों से 56 लाख का गांजा जब्त

C

CG Khabar

05 जून 2026, 02:22 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

गांजा जब्त
गांजा जब्त

मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पोड़ी थाना क्षेत्र की नागपुर चौकी पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दो लावारिस कारों से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की कीमत करीब 56 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है. 


जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है.

विज्ञापन


पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके से नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है. 


इस इनपुट पर त्वरित एक्शन लेते हुए नागपुर चौकी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी. 


इसी बीच दो कारें आती हुई दिखीं, लेकिन पुलिस बल को तैनात देख तस्करों के होश उड़ गए. पकड़े जाने के खौफ से आरोपी अपनी गाड़ियां सड़क किनारे ही छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए.


पुलिस ने तत्काल दोनों लावारिस वाहनों को अपने कब्जे में लिया और जब उनकी तलाशी ली गई, तो भीतर ठूस-ठूस कर भरे गांजे के पैकेट मिले. 


मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जब मादक पदार्थ का वजन कराया गया, तो कुल 565 किलोग्राम (5 क्विंटल 65 किलोग्राम) गांजा बरामद हुआ. इसमें से पहली कार से 300 किलो और दूसरी कार से 265 किलो गांजा निकाला गया.


फिलहाल पुलिस ने दोनों कारों सहित गांजे की इस खेप को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. 


फरार तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए पुलिस गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर और इंजन-चेसिस नंबर के जरिए उनके मालिकों का सुराग लगा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP