CEC के खिलाफ 10 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का आह्वान्
नई दिल्ली । डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगामी 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले राजनीतिक और छात्र संगठनों ने देशव्यापी लामबंदी का आह्वान किया है. 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और प्रमुख छात्र संगठनों-आईसा (AISA), एआईएसएफ (AISF), एसएफआई (SFI) और आम आदमी पार्टी के छात्र पंख एएसएपी (ASAP) ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन करने की घोषणा की.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक चुनावी प्रणाली में व्यापक सुधार नहीं किए जाते.
CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने देशभर के लोगों से दिल्ली पहुंचने और लंबे संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की है.
संगठन की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा, उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण पर रोक, आगामी चुनावों को स्थगित करना और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को रद्द करना शामिल है.
वहीं, छात्र नेताओं ने विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करते हुए इस लड़ाई को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संग्राम करार दिया है. आयोजकों ने दिल्ली पुलिस को संसद मार्ग थाने में पूर्व सूचना देने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत यह प्रदर्शन पूरी मुस्तैदी से आयोजित किया जाएगा.