बीमा क्लेम के बदले घूस: नारायणपुर के पूर्व थाना प्रभारी गिरफ्तार
नारायणपुर । संवाददाता: नारायणपुर में सैलरी योजना बीमा का पैसा दिलाने के नाम पर कमीशनखोरी करने वाले पूर्व थाना प्रभारी सुरेश चंद यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में पुलिस ने एक वकील को भी सह-आरोपी बनाया है.
पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के कड़े रुख और जांच के बाद हुई इस कार्रवाई से पूरे महकमे में खलबली मच गई है.
दरअसल, एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बीमा क्लेम पास कराने के एवज में तत्कालीन कोतवाली प्रभारी सुरेश चंद यादव द्वारा मोटी रकम की मांग की जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संदीप पटेल ने तत्काल जांच के आदेश दिए.
नारायणपुर कोतवाली पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के ये आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर निरीक्षक सुरेश चंद यादव को हिरासत में ले लिया. एसपी ने पुष्टि की है कि मामले की कानूनी विवेचना अभी जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.