कोण्डागांव में यूरिया की कालाबाजारी, 12 हजार बोरी जब्त
कोण्डागांव के एक गोदाम से 12 हजार बोरी यूरिया खाद जब्त
कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में किसान रासायनिक खाद के लिए भटक रहे हैं. वहीं अवैध गोदामों में खाद ठूस-ठूस कर भरे हुए हैं. जहां से खाद की कालाबाजारी धड़ल्ले से हो रही है.
कोण्डागांव में जिला प्रशासन की टीम ने एक ऐसे ही गोदाम में दबिश देकर 12 हजार से अधिक बोरी खाद जब्त किया है.
गोदाम में तीन ट्रकें भी लगी हुई थी, जिसमें खाद भरा हुआ था. जब्त खाद की बाजार कीमत लगभग 31 लाख रुपए है.
इधर इस खुलासे से हड़कंप मच गया है. अधिकारी गोदाम मालिक से पूछताछ कर रहे हैं.
कोण्डागांव जिले के केशकाल के ग्राम गमरी में बिना वैध दस्तावेज के खाद भंडारण किया गया था.
जिसकी सूचना प्रशासन को मिली थी. कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर केशकाल एसडीएम अंकित चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने उक्त गोदाम में दबिश दी.
अधिकारी जैसे ही गोदाम में घुसे वहां यूरिया खाद का भंडारण देखकर दंग रह गए. गोदाम के अंदर और बाहर तीन ट्रकों में खाद भरे हुए थे. यहां लगभग 12 हजार बोरी से अधिक यूरिया खाद जब्त किया गया है.
एसडीएम अंकित चौहान ने बताया कि यह कार्रवाई खाद की किल्लत और कालाबाजारी रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. किसानों को बिना परेशानी खाद की आपूर्ति हो इस पर प्रशासन की नजर है.
उन्होंने कहा कि जब्त खाद के संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी. साथ ही इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं उस पर भी नजर है.