बाइक चोर गिरोह पकड़ाया, हैदराबाद से करते थे चोरी
मोटरसाइकिल चोर गिरोह पकड़ाया, हैदराबाद से करते थे चोरी
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की गीदम पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह के सदस्य हैदराबाद से बाइक चोरी कर जगदलपुर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचते थे. जांच में पता चला कि इन आरोपियों ने जगदलपुर में भी बाइक चोरी को अंजाम दिया है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से साढ़े सात लाख रुपए कीमत की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं.
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि गीदम थाना क्षेत्र में लंबे समय से वाहन चोरी कर बेचने की शिकायतें मिल रही थीं. हमारी टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की और गिरोह को पकड़ा. इनके एक साथी वीण गोलछा अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं.
पूछताछ में आरोपी गुलशन नाहटा, गुलशन निषाद और रिज्जू केलेकर ने स्वीकार किया है कि वाहन चोरी के हैं. वे लोग बिना नंबर की गाड़ी को ही चोरी करते थे.
चोरी करने के बाद वाहन को पिकअप वाहन में डालकर यहां लाते थे. इसके बाद गीदम में गैरेज के पीछे छिपाकर रखते थे.
जगदलपुर निवासी गुलशन निषाद कूट रचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था.
पुलिस ने इस तरह पकड़ा
वाहन चेकिंग के दौरान 24 जुलाई को एक बिना दस्तावेज के स्प्लेंडर बाइक पकड़ी गई.
इस बाइक के दस्तावेज जब चेक किए गए तो वह चार पहिया वाहन के थे. इसके बाद पूछताछ में चोरी का बड़ा रैकेट सामने आया.
आरोपी चोरी की बाइकों को फर्जी आरसी बुक और नंबर प्लेट लगाकर बेचते थे. आरोपियों ने बाइकों की खरीद-बिक्री के लिए ग्राहकों से मोटी रकम वसूली थी.