सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर: पीएम आवास योजना की राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप

C

CG Khabar

26 अग. 2026, 01:21 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

ज्ञापन-बीजापुर
ज्ञापन-बीजापुर

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के फंड में कथित वित्तीय हेरफेर का एक गंभीर मामला सामने आया है. भैरमगढ़ जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत ईतामपार के आश्रित गांव बोडगा के आदिवासी ग्रामीणों ने स्थानीय पंचायत प्रशासन पर लाखों रुपये की गड़बड़ी के संगीन आरोप लगाए हैं. 


मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे पीड़ितों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की गुहार लगाई.

विज्ञापन


आरोप है कि बोडगा गांव के हितग्राहियों के बैंक खातों में आवास योजना की पहली किस्त के रूप में 40 हजार और दूसरी किस्त के तौर पर 55 हजार रुपये जमा किए गए थे. ग्रामीणों का दावा है कि पंचायत सचिव उन्हें बैंक ले जाकर खाते से पूरी रकम निकलवा लेते थे, लेकिन हाथ में थमाते थे सिर्फ 500-500 रुपये. बाकी की पूरी राशि सचिव अपने पास ही रख लेते थे. 


इस तरह करीब 26 लाख रुपये के कथित गबन का अनुमान लगाया गया है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपना हक मांगा, तो उन्हें जेल भिजवाने की धमकियां तक दी गईं.


वर्षों से नक्सल प्रभावित और दुर्गम परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे इन परिवारों को पक्के मकान की आस थी, जो इस कथित जालसाजी के कारण टूटती नजर आ रही है. इस मामले में जनप्रतिनिधियों ने गरीब परिवारों के हक पर डाका डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है. 


वहीं प्रशासनिक स्तर पर जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य निकलकर आएंगे, उसी आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP