भिलाई: रेलवे परीक्षा देकर लौट रही महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार शाम पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया. इस भीषण टक्कर में 30 वर्षीय एन भारती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति और चार साल का मासूम बेटा इस हादसे में घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार निवासी यह परिवार रायपुर में आयोजित रेलवे की परीक्षा देकर घर वापस लौट रहा था, तभी नेशनल हाईवे पर काल बने ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक के पिछले पहिये की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अनियंत्रित ट्रक लापरवाही से बाइक को ठोकते हुए नजर आ रहा है.
दुर्घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुँचकर सुचारू कराया.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.