भिलाई इस्पात संयंत्र: करंट से जूनियर इंजीनियर की मौत
भिलाई । संवाददादा: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में रविवार को इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस कार्य के दौरान करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई. भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और हादसे की शुरुआती जांच भी शुरू कर दी गई है.
यह पूरी घटना यूनिवर्सल रेल मिल के हॉट सॉ-3, एबी बे स्थित क्रेन-407 के पास हुई. मृतक कर्मचारी की पहचान 36 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो संयंत्र में जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट (जेईए) के पद पर तैनात थे. रविवार को उनकी ड्यूटी बी शिफ्ट में लगी थी और वे क्रेन के समीप इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस से जुड़ा काम संभाल रहे थे, तभी वे अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए.
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद साथी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. उन्होंने फौरन इसकी जानकारी प्रबंधन और उच्च अधिकारियों को दी. आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसे विनोद कुमार को उपचार के लिए संयंत्र के भीतर स्थित मेन मेडिकल पोस्ट-1 ले जाया गया. वे शाम करीब 4:53 बजे मेडिकल पोस्ट पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
फिलहाल बीएसपी प्रबंधन इस बात का पता लगाने में जुटा है कि आखिर मेंटेनेंस के दौरान यह चूक कैसे हुई और कर्मचारी करंट की चपेट में कैसे आए.
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चल रही इस जांच के दायरे में कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था, तय मानकों के पालन की स्थिति और घटना से जुड़े तमाम तकनीकी पहलुओं को शामिल किया गया है. प्रबंधन का कहना है कि पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.