सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

भिलाई स्टील प्लांट: पुशर कार की चपेट में आने से ठेका मजदूर की मौत

C

CG Khabar

23 सित. 2026, 01:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

भिलाई स्टील प्लांट
भिलाई स्टील प्लांट

भिलाई । संवाददाता: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में मंगलवार सुबह एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया. ब्लास्ट फर्नेस-6 में खराबी की जांच कर रहे ठेका मजदूर विनोद कुमार (45) की पुशर कार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना सुबह करीब 8:50 बजे पुशर कार नंबर-2 के पास घटी.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट फर्नेस-6 में पुशर कार के सुचारू रूप से काम न करने की शिकायत मिली थी. सूचना मिलने पर दुर्ग जिले के उतई (बजरंग नगर) निवासी विनोद कुमार मशीन की जांच करने पहुंचे थे. जब वे मशीन के नीचे जाकर कपलिंग और बेल्ट समेत अन्य हिस्सों का निरीक्षण कर रहे थे, तभी अचानक पुशर कार चालू हो गई. 

विज्ञापन


अचानक हुए इस घटनाक्रम में विनोद को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे गंभीर चोटों के कारण दुर्घटना का शिकार हो गए.


हादसे के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों ने तुरंत उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी. 


घटना की जानकारी मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी तथा इंटक और बीएमएस ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि मशीन अचानक कैसे चालू हुई और क्या काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं.


उल्लेखनीय है कि भिलाई स्टील प्लांट में ठेका श्रमिकों की सुरक्षा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इससे पहले 15 सितंबर को भी कोक ओवन और कोल केमिकल विभाग में मशीन की चपेट में आने से 33 वर्षीय ठेका मजदूर ललित कुमार साहू की जान चली गई थी. महज कुछ ही दिनों के भीतर हुए इस दूसरे हादसे के बाद से संयंत्र कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों में गहरा रोष व्याप्त है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP