भिलाई कॉफी हाउस का वेटर शिवनाथ नदी में डूबा
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी में नहाने गया केरल का एक 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया. घटना रविवार की है. मृतक की पहचान केरल के एर्नाकुलम निवासी आशिन ओ.एस. के रूप में हुई है, जो भिलाई के सुपेला स्थित 'इंडियन कॉफी हाउस' में वेटर का काम करता था. वह अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था.
मिली जानकारी के अनुसार, आशिन रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण अपने दोस्तों के साथ शिवनाथ नदी के किनारे पिकनिक मनाने गया था. इस दौरान वह दोस्तों से थोड़ा अलग होकर अकेले ही नदी में नहाने के लिए उतर गया. दोस्तों ने बताया कि आशिन तैरना जानता था, लेकिन वह नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया और तेज बहाव की चपेट में आ गया.
जब उसे पानी में संघर्ष करते देखा गया, तो तुरंत आपातकालीन सेवा 'डायल 112' को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची और आशिन को नदी से बाहर निकाला. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसे सीपीआर (CPR) भी दिया गया, लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.
जिला अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अंजोरा चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और चश्मदीद दोस्तों से पूछताछ की जा रही है. सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए विमान से केरल भेज दिया गया है.
इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शिवनाथ नदी के खतरनाक घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है. वहीं, प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि वे अनजान पानी में उतरने से बचें, नदी के तेज बहाव और फिसलन भरी जगहों से दूर रहें और किसी भी तरह के दबाव में आकर तैरने का जोखिम न उठाएं.