भगवंत मान को पाकिस्तान से मिला लाहौर आने का न्योता, सिख गुरुद्वारा समिति ने दिया निमंत्रण
पाकिस्तान के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने सीएम भगवंत मान और पंजाब विधानसभा के विधायकों को लाहौर आने और धार्मिक स्थलों के दर्शन का निमंत्रण दिया है.
नई दिल्ली । डेस्क: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पाकिस्तान यात्रा की इच्छा के बाद अब पड़ोसी देश से उन्हें औपचारिक न्योता भेजा गया है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष रमेश सिंह अरोड़ा ने भगवंत मान समेत भारतीय पंजाब विधानसभा के सभी सदस्यों को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया है.
लाहौर स्थित पंजाब विधानसभा में बोलते हुए रमेश सिंह अरोड़ा ने कहा कि पाकिस्तान पंजाब की सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से वे मुख्यमंत्री मान और सभी विधायकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं.
उन्होंने आश्वासन दिया कि पाकिस्तान आगमन पर भारतीय प्रतिनिधियों के लिए न केवल करतारपुर साहिब की यात्रा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे, बल्कि उन्हें अन्य धार्मिक और पवित्र स्थलों के दर्शन भी कराए जाएंगे.
हाल ही में समाप्त हुए पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लाहौर में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय पंजाबी कांफ्रेंस में शामिल होने और वहां के ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों के दर्शन करने की इच्छा जताई थी.
गौरतलब है कि सिख श्रद्धालु और राजनीतिक दल लंबे समय से करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग कर रहे हैं.
करतारपुर साहिब वह पवित्र स्थान है जहां सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे.
भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 में बढ़े तनाव के बाद से यह गलियारा बंद है. ऐसे में इस नए निमंत्रण को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.