बैलट पेपर से हुए MLC चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, PM मोदी ने पूछा- बताओ कितनी सीटें जीतीं?
MLC चुनाव में चार राज्यों की 28 सीटों पर कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला. बैलट पेपर से हुए इन चुनावों में NDA की शानदार जीत के बाद पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.
नई दिल्ली । डेस्क: विधान परिषद (एमएलसी) की सीटों पर हाल ही में हुए चुनावों में प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है. उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 सीटों पर हुए इन चुनावों में कांग्रेस एक भी सीट जीतने में नाकाम रही.
इस करारी शिकस्त पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांग्रेस पर तंज कसते हुए लिखा कि चार बड़े राज्यों की 28 सीटों पर मतपत्रों (बैलट पेपर) के जरिए चुनाव कराए गए थे, लेकिन कांग्रेस को एक भी सीट हासिल नहीं हुई.
कर्नाटक में सत्तारूढ़ होने के बावजूद कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा, जहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) के एनडीए गठबंधन ने सभी चार सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की. 23 अक्टूबर को कर्नाटक में शिक्षक और स्नातक क्षेत्रों की दो-दो सीटों के लिए मतदान हुआ था.
इसमें बेंगलुरु शिक्षक सीट से जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने पांच बार के कांग्रेस एमएलसी पुत्तन्ना को हराया. वहीं, उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर भाजपा के शशील जी. नामोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को मात देकर पांचवीं बार जीत दर्ज की. इसके अलावा, स्नातक सीटों पर भाजपा के एस.वी. संकनूर और के.एम. सुरेश ने बाजी मारी.
ईवीएम (EVM) पर सवाल उठाने और बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग करने वाली विपक्षी पार्टियों पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी निशाना साधा. केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि जब कर्नाटक में विपक्ष की मांग के अनुसार बैलट पेपर से चुनाव कराए गए, तब भी एनडीए ने सभी सीटों पर जीत हासिल की.
उन्होंने विपक्ष की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग चुनावी प्रक्रिया के नतीजों को स्वीकार करने के बजाय केवल अपने जिद्दी रवैये पर अड़े रहते हैं.