मरवाही के जंगल में भालू: अलग-अलग हमलों में 3 लोग लहूलुहान
पेन्ड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मरवाही वन परिक्षेत्र में भालू के आने से ग्रामीणों के बीच खौफ का माहौल बन गया है. दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हमलों में एक दंपति सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. राहत की बात यह रही कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ितों का हाल जाना और परिजनों को तत्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदान की.
इलाके में भालू की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने और विशेषकर सुबह व शाम के वक्त जंगल की ओर न जाने की अपील की है.
पहली घटना नाका परिसर के कक्ष क्रमांक 2005 के पास घटी, जब लालजी नाम का स्थानीय निवासी अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल गया हुआ था. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उस पर अचानक हमला बोल दिया, जिससे वह संभल भी नहीं पाया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
वहीं दूसरी वारदात तब हुई जब मनोज अपनी पत्नी सीतल और बेटे साजन के साथ खेत का काम निपटाकर बैलों के साथ घर लौट रहे थे. रास्ते में अचानक सामने आए भालू ने मनोज और सीतल को निशाना बनाते हुए उन पर हमला कर दिया. इस हमले के दौरान खुद को बचाने की कोशिश में उनका बेटा साजन पास के एक गड्ढे में कूद गया, जिससे उसे भी अंदरूनी चोटें आई हैं.
आशंका जताई जा रही है कि दोनों ही वारदातों को अंजाम देने वाला भालू एक ही है. घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए मरवाही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. गांव वालों को हादसों से बचाने के लिए वन विभाग ने हिदायत दी है कि जंगल के रास्तों का उपयोग करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें. AI Generated Photo.