सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर: पंप संचालकों के नियम पर भड़के लोग, मैनेजर को पीटा, 4 गिरफ्तार

C

CG Khabar

16 मई 2026, 01:28 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

जगदलपुर कोतवाली
जगदलपुर कोतवाली

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में जारी पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच अब कानून-व्यवस्था बिगड़ने की खबरें सामने आने लगी हैं. जगदलपुर में पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा ईंधन वितरण को लेकर खुद से तय किए गए नियमों से नाराज कुछ युवकों ने एक पेट्रोल पंप मैनेजर की जमकर पिटाई कर दी. प्रदेश में ईंधन संकट के दौरान मारपीट की यह पहली बड़ी घटना बस्तर से सामने आई है.


घटना जगदलपुर एयरपोर्ट के पास स्थित सुभाष पेट्रोल पंप की है. पंप के मैनेजर अंकित अग्रवाल के मुताबिक, संभाग में पेट्रोल-डीजल की भारी कमी को देखते हुए ईंधन की बर्बादी रोकने और सभी तक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पंप संचालकों ने एक सीमा (लिमिट) तय की थी. इस नियम के तहत दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपये का और चार पहिया वाहनों को 10 से 15 लीटर ही पेट्रोल दिया जा रहा है.

विज्ञापन


शनिवार को पंप पर पेट्रोल पहुंचते ही वितरण शुरू किया गया, इसी दौरान एक युवक ने तय सीमा से अधिक का पेट्रोल देने की मांग की. मना करने पर युवक ने बहस शुरू कर दी और कुछ ही देर बाद अपने 8-10 साथियों को लेकर वापस लौटा. युवकों ने मिलकर मैनेजर अंकित अग्रवाल के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. इस घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से पंप को तुरंत बंद कर दिया गया.


पुलिस ने 4 आरोपियों को लिया हिरासत में


घटना के विरोध में शहर के सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लिखित आवेदन दिया है. इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है.


कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मैनेजर की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल 4 युवकों को हिरासत में ले लिया गया है. पेट्रोल पंप का सीसीटीवी कैमरा खराब होने के कारण अन्य फरार आरोपियों की पहचान और तलाश पूछताछ के आधार पर की जा रही है. इस घटना के बाद से स्थानीय कारोबारियों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों में भारी आक्रोश है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP