सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बस्तर: ग्रामीणों का राशन डकार रहे पीडीएस दुकान के संचालक

C

CG Khabar

08 मई 2026, 04:49 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

बस्तर ग्रामीण
बस्तर ग्रामीण

बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पिछले कुछ महीनो से ग्रामीण सरकार द्वारा पीडीएस प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन के लिए जूझ रहे हैं. दुकान संचालको के द्वारा राशन के लेनदेन में गड़बड़ी और हितग्राहियों का नाम राशन से काटे जाने के नाम पर उन्हें चावल देने से वंचित कर रहे है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राही बस्तर कलेक्टर से राशन दिलाने के लिए गुहार लगाने को मजबूर हो रहे हैं. दरभा ब्लॉक के छोटे पखनार पंचायत के ग्रामीण भी राशन दुकान संचालक के इस गड़बड़ी को लेकर बस्तर कलेक्टर के पास पहुंचे और संचालक पर कार्रवाई करने के साथ ही उन्हें पिछले दो माह का राशन दिलाने की मांग की है.


ग्राम पंचायत छोटे पखनार के प्रभावित ग्रामीण पिकअप वाहन में 50 किमी का सफर तय कर कलेक्ट्रेट पहुंचे और बस्तर कलेक्टर को आवेदन देकर उन्हें राशन दिलाने की मांग की, ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान संचालक ने उनके थाली से 2 माह का राशन ही गायब कर दिया. हितग्राहियों को उनके हक का राशन ही नहीं मिल रहा है और दुकान संचालक द्वारा दस्तावेजों में गड़बड़ी की जा रही है. 

विज्ञापन


ग्रामीणों का आरोप है कि फरवरी 2026 में कई हितग्राहियों को पीडीएस प्रणाली के तहत मिलने वाली राशन का वितरण नहीं किया गया, लेकिन उनके राशन कार्डों में राशन देना दर्ज कर दिया गया है. यही नही अप्रैल 2026 में भी कई हितग्राहियों को यह कहकर राशन देने से मना कर दिया गया कि उनका राशन ऊपर से कट गया है.


इस तरह से दो महीने का उनके हक का राशन दुकान संचालक ने डकार लिया है. वहीं दुकान संचालक पर हितग्राहियों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है और बस्तर कलेक्टर से राशन दुकान संचालक पर कार्रवाई करने की मांग की है .साथ ही उनके हक का राशन दिलाने की भी मांग की है.जांच कर की जाएगी कार्रवाई


जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पीडीएस दुकानों में इस तरह की गड़बड़ी का यह पहला मामला नहीं है ,इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं. जहां पीडीएस दुकान संचालकों द्वारा हितग्राहियों को राशन देने से वंचित किया जा रहा है, वहीं इस मामले में जिले के खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह राठौर का कहना है कि छोटे पखनार पंचायत के साथ-साथ और भी कुछ ग्रामीण इलाकों से लिखित शिकायत उन्हें मिली है, जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी और दोषी पाये जाने पर दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


कुछ जगहों पर माह के अंतिम दिनों में राशन दुकान खोलने की भी जानकारी मिली है. इसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल छोटे पखनार पंचायत के ग्रामीणों को किस वजह से 2 महीने का राशन नहीं दिया गया इसकी भी जांच कराई जाएगी.


यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP