बस्तर में अब विकास का 'ग्रीन कॉरिडोर': मुख्यमंत्री साय
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश को माओवादी आतंक से पूरी तरह मुक्त घोषित करते हुए एक नए युग की शुरुआत का स्वागत किया है. उन्होंने इस उपलब्धि को सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शहीदों के बलिदान और बस्तर की जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ में अब कहीं भी 'रेड कॉरिडोर' का अस्तित्व नहीं बचा है, बल्कि हर तरफ खुशहाली और प्रगति का 'ग्रीन कॉरिडोर' नजर आ रहा है.
मुख्यमंत्री साय ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय उन वीर जवानों को दिया जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना घने जंगलों में चुनौतियों का सामना किया और सुरक्षा बलों को स्पष्ट रणनीति व संसाधनों के साथ आगे बढ़ाया.
उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने वर्षों की हिंसा में अपनों को खोया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसक विचारधारा ने दशकों तक मासूम बच्चों, बहनों और माताओं को जो पीड़ा दी है, अब उसका अंत हो चुका है.
बस्तर के लोगों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लोकतंत्र को डराने और दबाने की कोशिश की गई, तब वहां की जनता ने निर्भय होकर मतदान किया और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अपना भरोसा जताया.
उन्होंने इसे सामूहिक संकल्प का परिणाम बताया, जिसके कारण पिछले ढाई वर्षों में इस चुनौती का जड़ से समाधान संभव हो सका. सरकार की पुनर्वास नीति और विकास कार्यों ने उन लोगों को भी मुख्यधारा में लौटने का मौका दिया, जो रास्ता भटक गए थे.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि अब बस्तर के हर गाँव तक विकास का प्रकाश पहुँचेगा. बच्चे बिना किसी डर के स्कूल जा सकेंगे और माताएं-बहनें सुरक्षित वातावरण में आत्मनिर्भर बन सकेंगी. छत्तीसगढ़ अब शांति और समृद्धि के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है, जहाँ हिंसा का कोई स्थान नहीं है.