रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बांग्लादेश: NCP नेता मोतालेब शिकदार पर जानलेवा हमला

C

CG Khabar

22 दिस. 2025, 09:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गोली मारी
गोली मारी

नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश में चरमपंथी नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. अब खुलना के सोनाडांगा इलाके में बंदूकधारियों ने 'नेशनल सिटीजन पार्टी' (NCP) के शीर्ष श्रमिक नेता और बीएनपी के खुलना संभाग प्रमुख, 42 वर्षीय मोतालेब शिकदार को निशाना बनाया. 


हमलावरों ने उनके घर में घुसकर दोपहर करीब 12:15 बजे उनके सिर में गोली मार दी. घायल नेता को तुरंत खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक जांच के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. 

विज्ञापन


पार्टी सूत्रों के अनुसार, गोली उनके सिर की हड्डी को छूकर निकल गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. सोनाडांगा पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है.


यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद पूरे बांग्लादेश में तनाव व्याप्त है. गौरतलब है कि हादी की 18 दिसंबर को सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद से देश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन और अल्पसंख्यक समुदायों पर हमले की खबरें आ रही हैं. 


फरवरी 2026 में होने वाले चुनावों से पहले राजनीतिक अस्थिरता चरम पर है. 


इस बीच, मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर एनसीपी जैसे कट्टरपंथी समूहों का दबाव बढ़ता जा रहा है, जो लगातार भारत विरोधी बयानबाजी कर रहे हैं और द्विपक्षीय संबंधों में तनाव पैदा कर रहे हैं. 


भारत ने इन घटनाक्रमों पर चिंता जताते हुए बांग्लादेश सरकार से कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP