रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलरामपुर: अवैध संबंधों के शक में युवक का कत्ल, सिर काटकर जंगल में फेंका

C

CG Khabar

06 अक्टू. 2026, 05:51 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पस्ता थाना क्षेत्र की डौरा पुलिस ने अंधी हत्या की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया. पुलिस जांच में यह सच उजागर हुआ कि प्रेम प्रसंग के चलते योजनाबद्ध तरीके से एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी. साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव के सिर को धड़ से अलग करके जंगल के नाले के पास एक गड्ढे में छुपा दिया था. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.


दरअसल, 2 अक्टूबर की शाम को ग्राम कोदौरा का रहने वाला वसीम अंसारी अपनी स्कूटी लेकर निकला था और फिर वापस नहीं लौटा. जब अगली सुबह मक्का बाड़ी के पास उसकी लावारिस स्कूटी पाई गई, तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. 

विज्ञापन


जांच जारी ही थी कि भीतर चिल्मा उबका के जंगलों में ग्रामीणों ने एक कटा हुआ सिर देखा. पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद वसीम के भाई ने उस कटे सिर की पहचान अपने भाई के रूप में की.


घटना की तहकीकात के दौरान संदेह के आधार पर कोटडीह निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया. 


उन्होंने बताया कि मनबासो और मृतक के बीच पहले से संबंध थे, इसी वजह से 2 अक्टूबर की शाम को मनबासो ने वसीम को कॉल करके मिलने बुलाया था. वहां पहुंचते ही पति-पत्नी दोनों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.


वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से दोनों ने सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था. डौरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP