बलरामपुर: नान के DM 22 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर कलेक्टोरेट परिसर में मंगलवार को भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के जिला प्रबंधक (DM) विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा. आरोपी अधिकारी ट्रांसपोर्टर के करीब 11 लाख रुपये के पुराने बकाया बिलों का भुगतान कराने के एवज में इस रकम की मांग कर रहा था. ACB ने आरोपी के कब्जे से घूस के पैसे जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया है.
मामले की शुरुआत अंबिकापुर निवासी ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह की शिकायत से हुई थी. उन्होंने सरगुजा ACB कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया था कि नान के जिला प्रबंधक बकाया राशि जारी करने के बदले में घूस की मांग कर रहे हैं.
शिकायत की प्राथमिक जांच में सत्यता पाए जाने के बाद ACB के थाना प्रभारी शरद सिंह की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई और बलरामपुर में जाल बिछाया गया.
योजना के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे हुए नोट देकर जिला प्रबंधक के कार्यालय भेजा गया. जैसे ही ट्रांसपोर्टर ने कलेक्टोरेट परिसर स्थित दफ्तर में विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये सौंपे और पूर्व निर्धारित इशारा किया, पहले से मुस्तैद ACB की टीम ने दफ्तर में दबिश दे दी.
मौके पर ही अधिकारी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तारी के बाद ACB टीम आरोपी जिला प्रबंधक को विश्राम गृह लेकर पहुंची, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है.