सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बालोद: पुस्तकालय से घर लौट रही युवती पर तेज़ाब से हमला, स्थिति गंभीर

C

CG Khabar

05 अक्टू. 2026, 02:19 PM 2 मिनट में पढ़ें 11

एसिड अटैक
एसिड अटैक

बालोद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंचाई कॉलोनी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने 22 वर्षीय युवती पर तेज़ाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. पीड़िता एक स्थानीय पुलिसकर्मी की बेटी है, जिसने एमए की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है.


घटना के समय युवती आमापारा स्थित पुस्तकालय से अपने घर लौट रही थी. हमले में तेज़ाब उसके शरीर के दाहिने हिस्से पर गिरा, जिससे उसका चेहरा, आंख और धड़ गंभीर रूप से झुलस गए हैं. 

विज्ञापन


पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर कर दिया है.


घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इलाके को सील कर दिया. जांच के दौरान पुलिस को मौके से जले हुए कपड़े मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है. 


प्रयुक्त रसायन की सटीक पहचान के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद आमापारा नहर की ओर पैदल ही भाग निकला. पुलिस ने आरोपी की पहचान, तलाश और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP