आज़मगढ़: पत्नी और दो पुजारियों की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
आज़मगढ़ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ में पत्नी और दो पुजारियों की गोलियों से भूनकर हत्या करने वाले आरोपी अरविंद सिंह को पुलिस ने सात घंटे लंबे चले ऑपरेशन के बाद ढेर कर दिया. घटना अहिरौला क्षेत्र के शंभूपुर गांव की है, जहां मंगलवार शाम को धार्मिक अनुष्ठान के दौरान आरोपी ने विवाद के बाद अपनी पत्नी बबीता और दो पुजारियों की अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी थी.
तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने ही तीन बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया था और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था.
घटना की सूचना मिलते ही आठ थानों की पुलिस और एटीएस (ATS) की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया. पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों के बार-बार समझाने के बावजूद आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय कमरे के भीतर से ही बच्चों और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उसका एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने स्टन और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में पिछले कई दिनों से तथाकथित अंधविश्वास दूर करने के लिए पूजा-पाठ चल रहा था, जिसका आरोपी लगातार विरोध कर रहा था.