बीजापुर में एक और माओवादी मारा गया
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर के नेशनल पार्क के जंगल में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. इस मुठभेड़ में 25 लाख रुपए का इनामी माओवादी भास्कर को मारने का दावा जवानों ने किया है.
मारे गए माओवादी के शव के साथ एके-47 हथियार बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि वह तेलगु कैडर का माओवादी है.
एक दिन पहले गुरुवार को भी इसी क्षेत्र में मुठभेड़ हुई थी. जिसमें एक करोड़ रुपए के इनामी माओवादी केंद्रीय कमेटी मेंबर सुधाकर उर्फ गौतम मारा गया था.
सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि नेशनल पार्क एरिया में काफी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी है. जिसमें बड़े कैडर के माओवादी भी शामिल हैं.
इसी सूचना के आधार पर गुरुवार को सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को रवाना किया गया था. जिसमें डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा के जवान शामिल थे.
गुरुवार को मुठभेड़ में माओवादी सुधाकर मारा गया था. वह छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में मोस्ट वांटेड था.
सुधाकर पर तीनों राज्यों में करीब एक करोड़ रुपये का इनाम था. इसके बाद भी सुरक्षा बलों के जवान वहां डटे रहे.
जवान पिछले 25 से 30 घंटे से नेशनल पार्क के पहाड़ी को घेर रखा है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को फिर मुठभेड़ हुई. आज भी जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है.
जवानों ने फिर एक बड़े माओवादी भास्कर को मारने का दावा किया है.
नेशनल पार्क एरिया में चल रही मुठभेड़ पर एडीजी विवेकानंद सिन्हा, बस्तर आईजी पी. सुंदरराज पी व आईजी सीआरपीएफ राकेश अग्रवाल नजर बनाए हुए हैं.