अंबिकापुर: IPS के बेटे से मारपीट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में भारतीय प्रशासनिक/पुलिस सेवा के अधिकारी के बेटे के साथ मारपीट करने की दुस्साहसिक वारदात सामने आई है. कोतवाली थाना क्षेत्र के बौरीपारा तालाब के पास 7 सितंबर की रात IPS अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कुर्रे पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी गोलू गणेश और उसके साथी आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं.
रविवार को पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का कोतवाली थाने से लेकर अदालत तक शहर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला. बदमाशों में कानून का खौफ कायम करने के उद्देश्य से निकाली गई इस परेड के बाद अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोलू गणेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह हाल ही में सौरभ मिश्रा के घर में घुसकर की गई मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के एक अन्य मामले में भी वांछित था.
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब लेखांश अपने साथियों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ रिंग रोड के पास अपने एक अन्य मित्र का इंतजार कर रहा था. उसी स्थान पर गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता अपने अन्य साथियों के साथ मौजूद थे.
जब लेखांश ने बातचीत के दौरान गोलू गणेश को उसके नाम से पुकारा, तो आरोपी आक्रोशित हो गया. उसने खुद को बड़ा गुंडा बताते हुए नाम से बुलाने पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी.
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पुलिस महकमे को चुनौती देते हुए IPS अधिकारी के बेटे पर हमला बोल दिया और जान से मारने की धमकी दी. इस मारपीट में लेखांश के सिर, गले, कान और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं.
पीड़ित की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 351(1), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. पुलिस की टीमें फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं.