पुलिस की गाड़ी लेकर भागा आरोपी, मोबाइल लोकेशन से पकड़ाया
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक फिल्मी ड्रामा देखने को मिला, जहाँ पुलिस की छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध न केवल छत से कूदकर भागा, बल्कि बाहर खड़ी पुलिस वैन ही लेकर फरार हो गया. हालांकि, उसकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं टिकी और पुलिस ने उसे महज एक घंटे के भीतर धर दबोचा.
घटना मंगलवार देर रात अंबिकापुर के सत्तीपारा इलाके की है. प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम एक ड्रग तस्कर के घर दबिश देने पहुँची थी. पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी का रिश्तेदार मुकेश नामदेव छत से कूद गया. संयोग से बाहर खड़ी पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी में चाबी लगी हुई थी और ड्राइवर सीट खाली थी. मुकेश ने मौका ताड़ते ही गाड़ी स्टार्ट की और तेजी से फरार हो गया.
खाली सड़क और गायब सरकारी वाहन देख पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और नाकाबंदी की गई. पुलिस के लिए सबसे बड़ी कामयाबी वह 'चूक' बनी, जो एक पुलिसकर्मी से हुई थी. दरअसल, गाड़ी के अंदर एक पुलिस अधिकारी का मोबाइल फोन छूट गया था.
पुलिस ने तुरंत उस मोबाइल को सर्विलांस पर डाला और उसकी लाइव लोकेशन ट्रैक करना शुरू कर दिया.
लोकेशन के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने घेराबंदी की और एक घंटे के भीतर आरोपी मुकेश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने चोरी की गई वैन और मोबाइल दोनों बरामद कर लिए हैं. इस घटना ने जहाँ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, वहीं तकनीक के सही इस्तेमाल से अपराधी को तुरंत पकड़ने में सफलता भी हासिल की. File Photo