विरोध के बाद बुलडोजर समेत प्रशासनिक अमला लौटा बैरंग
छत्तीसगढ़ के बस्तर के एक गांव में बुलडोजर कार्यवाही का विरोध
बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र में सालों से रह रहे गरीब परिवारों के मकानों में बुलडोजर चलाने का फरमान जिला प्रशासन द्वारा जारी किया गया.
गुरुवार को भानपुरी के तहसीलदार जेसीबी लेकर सिवनी ग्राम पंचायत में स्थित 10 से 12 गरीबों के मकानों को तोड़ने के लिए पहुंच गये.
मौके पर पहुंचे नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप और कांग्रेसियों के विरोध के बाद तहसीलदार को जेसीबी वापस भेजना पड़ा.
हालांकि तहसीलदार ने इन मकान मालिकों को जल्द से जल्द मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया है. मकान खाली नहीं करने पर मकान तोड़ने का फरमान जारी किया है.
इस कार्यवाही को लेकर पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने इसे वन मंत्री केदार कश्यप की दादागिरी बताया है.
पूर्व विधायक का आरोप है कि सिवनी गांव के सरपंच और पंचायत ने इन गरीब परिवारों को यहां रहने के लिए यह जमीन प्रस्तावित की थी और करीब 10 से 12 परिवार यहाँ घर बनाकर सालों से रह रहे हैं.
वन मंत्री और भाजपा के लोग इन्हें कांग्रेस समर्थक बताते हुए इनके मकानों को तोड़ने के लिए आतुर हैं.
अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए जबरन इस जमीन को खाली करने के लिए तहसीलदार और एसडीएम मकान तोड़ने की साजिश रच रहे हैं.
चंदन कश्यप ने कहा कि अगर यह कार्रवाई नहीं रुकी तो आगामी दिनों में कांग्रेस तहसील कार्यालय का घेराव करेगी.
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पूरे प्रदेश में गरीबों के मकान तोड़ने का काम कर रहे हैं.
ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर जमीन दी
यहाँ सालों से मकान बनाकर रह रहे लोगों का कहना है कि उन्हें ग्राम पंचायत ने घर बनाने के लिए यह जमीन दी है.
पिछले 15 सालों से अपनी पूरी कमाई लगाकर उन्होंने मकान बनाया है और अब तहसीलदार ने मकान खाली करने को कहा है. ऐसे में वह अब कहां जाएंगे, ग्राम पंचायत से उन्हें रहने के लिए जमीन मिलने के बाद ही उनके द्वारा मकान बनाया गया है.
उनके मकान तोड़ने से वे बेघर हो जाएंगे, उन्होंने जिला प्रशासन से विनती की है कि उनके मकानों को ना तोड़ा जाए.
वहीं पूर्व विधायक चंदन कश्यप का कहना है कि इनके ऊपर झूठा आरोप लगाकर और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत मकान को तोड़ने का फरमान जारी किया गया है.
यहाँ रह रहे लोगों को कांग्रेस समर्थक बताया गया है, लेकिन ऐसा नहीं है.
इन्हें पंचायत के सरपंच और पंचायत के द्वारा प्रस्ताव पारित कर ही मकान बनाने की अनुमति दी गई है. अब जब मकान बन गया और यहां लोगों का घर बसने के बाद अब तहसीलदार इसे तोड़ने के लिए जेसीबी लेकर पहुंच गए.
कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी और इस कार्रवाई के विरोध में आगामी दिनों में तहसील कार्यालय का घेराव करेगी.
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण
इस मामले में भानपुरी तहसीलदार लकिराम पांडे का कहना है कि सिवनी ग्राम पंचायत में हायर सेकेंडरी स्कूल और हॉस्टल के सरकारी जमीन के पास पिछले कुछ सालों से अतिक्रमण कर लोग 10 से 12 मकान बनाकर यहां रह रहे हैं.
इनके द्वारा सरकारी जमीन पर जबरन अतिक्रमण किया गया है. कई बार सरकारी जमीन को खाली करने का अल्टीमेटम भी इन्हें दिया गया है.
उनके द्वारा मकानों को खाली नहीं किया जा रहा है. हायर सेकेंडरी स्कूल की दीवारों पर भी अतिक्रमण कर यहां मकान बना लिया गया है.
ये मकान ऐसे लोगों के हैं जो पहले से ही आसपास मकान बनाकर रह रहे हैं. जिसके चलते ही यह कार्रवाई की जा रही है.
हालांकि उन्हें कुछ दिनों का समय और दिया गया है. मकान खाली नहीं करने पर मकान तोड़ने के आदेश उन्हें दिए गए हैं.
तहसीलदार लकिराम पांडे का कहना है कि पिछले 15 सालों से गांव के कुछ लोगों के द्वारा इस जमीन पर अतिक्रमण किया गया है.
फिलहाल उन्हें नोटिस दे दिया गया है और जल्द से जल्द मकान खाली करने को कहा गया है.