छत्तीसगढ़ में लू का यलो अलर्ट जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. बढ़ते हुए तापमान को देखते हुए लोग दिन में घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं. मौसम विभाग ने भी मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है. पिछले 24 घंटे में बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा. यहां दिन का पारा 43.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.
वहीं जगदलपुर में फिलहाल तेज गर्मी से राहत है. क्योंकि पिछले दो दिनों से यहां आंधी तूफान और हल्की बारिश हुई है. बुधवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा जो प्रदेश में सबसे कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया.
बुधवार को बिलासपुर की तरह की राजधानी रायपुर भी खूब तपा. यहां पारा 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया. वहीं रात का तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 2.3 डिग्री ज्यादा है. तेज गर्मी का असर बिलासपुर, रायपुर के बाद गौरेला-पेड्रा-मरवाही जिले में सबसे ज्यादा रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक दिन के तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इसका असर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिले में अधिक होने का अनुमान है.
रायपुर में गुरुवार को दिन का तापमान 44 डिग्री और रात का तापमान 28 डिग्री के आसपास रहेगा. सरगुजा संभाग में भी तेज धूप से लोग बेहाल रहे. यहां दिन का पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है. गुरुवार को संभाग के एक दो जिलों में लू चलने की संभावना है.
बुधवार को अंबिकापुर में दिन का तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा रहा.