चुनाव जीती पत्नियां, शपथ ली पतियों ने
छत्तीसगढ़ चुनाव जीती पत्नियां, शपथ ली पतियों ने
कवर्धा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में नवविर्वाचित पंच-सरपंच के शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है.
यहां 6 महिलाएं पंच का चुनाव जीतकर तो आईं जरूर लेकिन उनकी जगह शपथ उनके पतियों को दिलाई गई.
पंचायत सचिव ने बकायदा पंच पतियों के हाथों में शपथ पत्र थमाकर उन्हें शपथ का वाचन कराया है.
जिसके चलते चुनाव जीतने के बावजूद ये महिला पंच अपने पद की शपथ नहीं ले पाईं.
पूरा मामला पंडरिया ब्लॉक के परसवारा ग्राम पंचायत का है. यहां के कुल 12 वार्डों में 6 महिलाएं चुनाव जीतकर आई हैं.
बाकी 6 वार्डों में पुरुष उम्मीदवार चुनाव जीते हैं. उनके शपथ ग्रहण का कार्यक्रम सोमवार को रखा गया था.
इस शपथ ग्रहण में जीती हुई खुद महिला पंच शामिल नहीं हुई. बल्कि उनके पतियों ने पहुंचकर शपथ ले ली.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
शपथ ग्रहण का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है.
आनन-फानन में अब अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं.
शपथ दिलाने वाले सचिव प्रदीप ठाकुर का कहना है कि अभी सिर्फ पुरुष जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण हुआ है. महिलाओं का शपथ ग्रहण 6 मार्च किया जाएगा.
जबकि पूरे प्रदेश भर में 3 मार्च को ही ग्राम पंचायतों में एक साथ शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रखा गया था.
उन्होंने सफाई देते हुए यह भी कहा है कि उनके द्वारा महिला पंचों के पतियों को शपथ नहीं दिलाई गई है.
वे खुद ही आकर खड़े हो गए थे. उन्हें भगाया भी नहीं जा सकता था.
सीईओ ने दिए जांच के आदेश
इस संबंध में जिला पंचायत के सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी का कहना है कि इस संबंध में सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली है.
जनपद पंचायत के सीईओ को जांच करने के लिए कहा गया है.
वहीं जनपद पंचायत पंडरिया के सीईओ तरुण बघेल का कहना है कि मामला सामने आने के बाद सचिव प्रवीण ठाकुर को नोटिस जारी किया गया है.
अभी उनका जवाब नहीं आया है. अलग से जांच टीम गठित की गई है. जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इन वार्डों में हुई महिलाएं निर्वाचित
ग्राम पंचायत परसवारा में 12 वार्ड हैं, जिसमें 6 महिलाएं पंच निर्वाचित हुई हैं.
जिन वार्डों में महिलाएं निर्वाचित हुई हैं उनमें वार्ड 2 से गायत्री बाई चंद्रवंशी पति कोमल चंद्रवंशी, वार्ड 3 से सरिता साहू पति राजेंद्र साहू, वार्ड 4 से मीराबाई पति शोभाराम चंद्रवंशी, वार्ड 5 से संतोषी चंद्रवंशी पति सुरेश चंद्रवंशी, वार्ड 7 से सरिता बाई चंद्रवंशी पति दौलत राम, वार्ड 12 से विद्या बाई पति चंद्र कुमार यादव हैं.