रायगढ़ में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई. ग्रामीण खेत की रखवाली करने जा रहा था, तभी अचानक उसका सामना हाथी से हो गया.
जिले में 6 दिनों में हाथी के हमले से 3 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं एक ग्रामीण घायल हो चुका है.
घरघोड़ा रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम पानीखेत निवासी महेत्तर राठिया बुधवार की शाम 6 बजे खेत की रखवाली करने खाजाखार गया था.
इसी बीच एक जंगली हाथी उसके सामने आ गया. अचानक सामने हाथी को देख वह घबरा गया.
किसान अपने बचाव में कुछ कर पाता उससे पहले ही हाथी ने उस पर हमला कर दिया. ग्रामीण ने चीख पुकार मचाई तो हाथी उसे छोड़ वापस जंगल की ओर चले गया.
महेत्तर राठिया के पैर और शरीर पर चोट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ग्रामीण के परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए घरघोड़ा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंच कर मृतक के परिजनों से मिलकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव के आसपास कुछ दिनों से 43 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिससे गांव में दहशत का माहौल है.
6 दिनों में तीन की मौत
रायगढ़ जिले में इन दिनों करीब 200 से अधिक हाथी विचरण कर रहे हैं.
जिले के दोनों वन मंडल रायगढ़ और धरमजयगढ़ को मिलाकर पिछले 6 दिनों में हाथियों के हमले से 3 लोगों की मौत हो चुकी है.
इससे पहले धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज के गमेकेला गांव में शनिवार रात एक जंगली हाथी ने दो महिलाओं को कुचलकर मार दिया था. जबकि हाथी के हमले से एक महिला के पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है.
बताया गया कि भीषण गर्मी के चलते दोनों महिलाएं अपने घर के बाहर सो रही थीं. उसी दौरान महिलाओं पर हाथी ने हमला कर दिया. दोनों महिलाओं की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी.