ट्रक ने चाचा-भतीजे को कुचला
छत्तीसगढ़ ट्रक ने चाचा-भतीजे को कुचला
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई. दोनों शादी कार्ड बांटने निकले थे. इसी दौरान हादसा हो गया.
पुलिस के मुताबिक घटना विजयनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के रामानुजगंज-वाड्रफनगर मुख्यमार्ग की है. बताया गया कि जनकपुर निवासी रामाशंकर पोया अपनी बेटी की शादी का कार्ड बांटने के लिए अपने भतीजे लखपति पोया के साथ निकले थे.
दोनों चाचा-भतीजा बाइक में सवार होकर घूम-घूम कर शादी का कार्ड बांट रहे थे. इसी दौरान महावीरगंज के पास दोनों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों चाचा-भतीजा उछलकर सड़क पर गिर गए. ट्रक दोनों को कुचलते हुए निकल गया.
घटना स्थल पर ही दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला. घटना की सूचना पर विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रामानुजगंज भेजा गया.