छत्तीसगढ़ में तीन दिन आंधी-तूफान-बारिश की चेतावनी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. आज से आने वाले तीन दिनों तक आंधी-बारिश से साथ ओलावृष्टि की संभावना है.
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में 3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
इसी तरह बस्तर, सरगुजा संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश की तरफ बारिश का एक सिस्टम बना हुआ है जो धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ रहा है. इसकी वजह से प्रदेश में 9 से 11 मई तक मौसम बदला रहेगा.
शुक्रवार को प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमका के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है.
दूसरी ओर गुरुवार को धमतरी जिले में मौसम का मिजाज अचानक से बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई. यहां दिन में तेज धूप के साथ बीच-बीच में बादलों की लूका छिपी चलती रही.
दोपहर में अचानक से मौसम ने करवट ली. आसमान में काले बादलों के छाने के साथ तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई.
आंधी-बारिश का दौर देर शाम तक चलता रहा. इस बीच कई बार मूसलाधार बारिश भी हुई.
प्रदेश में पिछले 15 दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. इस बीच कुछ दिनों तक तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया.
उसके बाद आंधी-बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया. बदलते मौसम की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
बीते 15 दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम हुआ है.