युवक ने थाने में रेता गला, हड़कंप
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाने में एक युवक ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की है. गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक युवक का नाम सूरज जोगी है. वह रायपुर के कुशालपुर क्षेत्र का रहने वाला है. गुरुवार रात को युवक अचानक मौदहापारा थाना पहुंचा. सामने बैठी पुलिस उससे थाना आने का कारण पूछती है.
उतने में युवक अपने हाथ में रखी ब्लेड को निकालता है और अपने गले पर चला देता है. थाने में मौजूद पुलिसवाला हाथ पकड़ कर उसे रोकता है, तब तक धारदार ब्लेड चलने से युवक के गले से खून बहने लगा.
पुलिस कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी और युवक को तत्काल मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे.
बताया गया कि युवक नशे का आदी है. इस तरह की हरकत वह पहले भी कर चुका है. फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है.