सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कहर बनकर आया तूफान, दो की मौत

H

Hupendra Sharma

02 मई 2025, 09:17 AM 4 मिनट में पढ़ें 3

 तूफान
तूफान

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गुरुवार शाम को आए आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई है. करीब 60 से 70 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ऐसा आंधी-तूफान चला कि जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. अब जा कर तूफान से हुए नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं.


तेज आंधी के साथ कई जगहों में बारिश भी हुई. तेज हवाओं के कहर से कई पेड़ उखड़ गए, होर्डिंग्स टूट गए, बिजली के खंभे और तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.

विज्ञापन


ग्रामीण क्षेत्रों में तो अभी तक बिजली बंद है. यहां तक कई जगहों पर लोहे के स्ट्रक्टर भी उखड़ गए हैं.


वहीं बेमेतरा में एक राइस मिल का स्लैब गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई. वहीं चार लोग घायल हो गए हैं.


इधर मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी सरगुजा, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर, कोण्डागांव, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है.


यहां करीब 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है. 


रेल और सड़क यातायात बाधित

तेज आंधी-तूफान ने बलौदाबाजार जिले में तरपोंगी सिमगा टोल प्लाजा को पूरी तरह से उड़ा दिया है. इससे रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग घंटों आवागमन बाधित रहा.


हालांकि इस घटना में किसी तरह की जन हानि नहीं हुई. कुछ वाहनों को जरूर नुकसान पहुंचा है.


इसी तरह दुर्ग जिले में कुम्हारी व सरोना के बीच पटरी पर पेड़ गिरने से दुर्ग-रायपुर के बीच रेल यातायात दो घंटे तक बाधित रहा. इससे एक दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं.


राजनांदगांव के पास रसमड़ा स्टेशन पर ओएचई लाइन में फाल्ट आने के कारण वंदेभारत ट्रेन को भी एक घंटे तक रोकना पड़ा.


बेमेतरा में दो मजदूरों की मौत

बेमेतरा जिले के राखी जोबा स्थित राइस मिल में आंधी से राइस मिल का स्लैब ही गिर गया. साथ ही वहां रखी धान की बोरियां गिर गईं.


जिसके नीचे दबने से दो मजदूरों नंदकुमार निषाद और बिसवंतीन साहू की मौत हो गई.


वहीं वहां काम कर रहे कुछ मजदूर घायल हो गए हैं. घायलों को धमधा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


इसी तरह राजधानी रायपुर में भी तेज आंधी ने जमकर कहर बरपाया है. देवेंद्र नगर में नेताजी चौक का लोहे का शेड गिर गया. जिसके नीचे खड़ी तीन कारें इसकी चपेट में आ गई.


इनमें से एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गनीमत यह रही कि कार के भीतर बैठे किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची.


भिलाई में वर्टिकल गार्डन का स्ट्रक्टर ढहा 

भिलाई में एमजे कॉलेज के आगे से गुजर रहे कोसानाला के पुल में दोनों ओर लगाए गए वर्टिकल गार्डन का पूरा स्ट्रक्चर ही आंधी में उखड़ गया.


इस दौरान यहां से गुजर रहे वाहन भी इसकी जद में आ गए. हालांकि यहां भी कोई अप्रिय हादसा नहीं हुआ.


निगम ने करीब 15 लाख की लागत से पुल के दोनों ओर वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया था. तेज हवा से लोहे में गुथा यह पूरा स्ट्रक्चर ही गिरकर सड़क पर आ गया.


इस दौरान दो कार और दोपहिया वाहन भी इस पुल से गुजर रहे थे. स्ट्रक्चर इन वाहनों पर ही गिर गया. जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं.


रात भर बिजली बंद

इस आंधी तूफान से बिजली के खंभों और तार को भारी नुकसान हुआ है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी मात्रा में बिजली के पोल टूट गए हैं.


इस वजह से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, बेमेतरा सहित और कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई.


राजधानी रायपुर के कई हिस्सों में तो आधी रात बाद बिजली आई. वहीं कुछ क्षेत्रों में सुबह तक बिजली गुल थी. ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी रात बिजली बंद रही.


दूसरे दिन शुक्रवार को दोपहर तक बिजली नहीं आई थी. दुर्ग-भिलाई भी एचटी लाइन के तार टूटने के कारण देर रात तक अंधेरे में डूबा रहा.


बिजली विभाग का कहना है कि कई जगहों पर फिडर खंभों और तारों पर पेड़ गिरने से काफी टूट-फूट हुई है.


बिजली विभाग के कर्मचारी मरम्मत में लगे हुए हैं. कई स्थानों पर फाल्ट ही नहीं मिल पा रहा है. जिसे खोजने में कर्मचारी लगे हुए हैं.


बिजली विभाग के कर्मचारी पूरी रात सुधार कार्य में लगे रहे.


फिर आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की चेतावनी दी है.


इस दौरान कई जिलों में तेज हवाओं के साथ अंधड़ और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.


मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बालोद, बिलासपुर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, बीजापुर समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है.


विशेषज्ञों का मानना है कि यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हवाओं के सक्रिय होने के कारण हुआ है. जिससे नमी बढ़ी और मौसम में ठंडक घुल गई.


मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज हवाओं और संभावित अंधड़ के चलते सतर्क रहें. खासकर खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे खड़े वाहनों को सावधानीपूर्वक रखें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP