देश में उड़ाई जा रहीं संविधान की धज्जियां- पायलट
जांजगीर-चांपा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में कांग्रेस ने सोमवार को संविधान बचाओ रैली निकाली. इस दौरान सभा को सचिन पायलट ने संबोधित करते हुए कहा कि ये बात सच है कि कांग्रेस पार्टी ने देश भर में जन जागरूकता के लिए चिलचिलाती गर्मी में आयोजन किया. इस आयोजन का कारण भाषण देना नहीं है, बल्कि देश में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, उसको बचाने के लिए लोगों के बीच पहुंच कर, लोगों को जागरूक करना है.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद पनपने का अड्डा है. पहलगाम की घटना आतंकवादी घटना नहीं बल्कि लोगों को तड़पा कर मारने और आतंक फैलाने की नियत से की गई कार्रवाई थी.
उन्होंने कहा कि कश्मीर मुद्दे का अंतर्राष्ट्रीयकरण कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे. व्यापार का भय दिखा कर सीजफायर की घोषणा अमेरिका ने कर दी. किसी तीसरे का समझौता कराना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कांग्रेस पार्टी ने आतंकवाद को झेला है. इंदिरा गांधी, राजीव गांधी को आतंकवादियों ने बम से उड़ा दिया.
भाजपा के मंत्री कर रहे सेना का अपमान- भूपेश
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला.
उन्होंने कहा कि 26/11 की घटना के समय केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी. सरकार ने तब कमांडो उतारे और कसाब को जिंदा पकड़ा. वर्तमान सरकार ने पहलगाम पहले के बाद अमित शाह को उतारा लेकिन आज तक आतंकवादियों को नहीं पकड़ा गया.
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मंत्री ने सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर अभद्र टिप्पणी करते हुए देश की सेना का अपमान किया. पर इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. भाजपा के केंद्रीय मंत्री कह रहे हैं कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सूचना पाकिस्तान को दी, जो कि राजद्रोह है.
उन्होंने का कि राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की बात की थी, जिसके आगे केंद्र सरकार ने घुटने टेक दिए. अब जातिगत जनगणना कराने को केंद्र तैयार है.
इंदिरा होती तो पाकिस्तान के दो टुकड़े- बैज
सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि हमें देश की सेना पर गर्व है. देश की जनता युद्ध विराम का कारण जानना चाहती है.
उन्होंने कहा कि अगर आज इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री होती तो पाकिस्तान के दो टुकड़े हो जाते.
दीपक बैज ने कहा कि आज के समय में सबसे बड़ा चुनौती संविधान बचाने की है. लेकिन भाजपा ने संविधान निर्माता भीवराव आंबेडकर का अपमान किया. देशभर में स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन आज देश में जाति से जाति, धर्म से धर्म को लड़ाने का काम किया जा रहा है.
तीन चरणों में होगी संविधान बचाओ रैली
छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में संविधान बचाओ रैली का आयोजन हो रहा है. पहले चरण में आज जांजगीर-चांपा में सभा फिर दूसरे चरण में विधानसभा स्तर पर आयोजन होगा.
तीसरे चरण में नेता डोर-टू-डोर लोगों से मिलकर संविधान से मिले मौलिक अधिकारों की जानकारी देंगे.
आज की सभा में शामिल होने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज जांजगीर पहुंचे.
साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, ताम्रध्वज साहू, धनेन्द्र साहू, मोहन मरकाम, सत्य नारायण शर्मा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे.