रेत माफिया की गुण्डागर्दी, युवक को मारी गोली
छत्तीसगढ़ में रेत माफिया की गुण्डागर्दी, युवक को मारी गोली
सारंगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में बीती रात को रेत माफिया ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी.
आरोपी ने दो पक्षों में हुए मामूली विवाद के बाद गोली चला दी.
बताया गया कि तीन महीने पहले ही सिंघनपुर के ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ अवैध रेत खनन की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी.
इसके बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की. उसके बाद से आरोपी ग्रामीणों को डराता-धमकाता था.
पुलिस के मुताबिक घटना सारंगढ़ नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 1 में राधाकृष्ण अस्पताल के पास की है.
अस्पताल के पास ही संध्या रेस्टोरेंट और सूर्या बेकरी है.
मृतक युवक मुखलाल मांझी इसी ब्रेड फैक्ट्री में काम करता था.
कल रात को वह सूर्या बेकरी के सामने अपने कुछ साथियों के साथ प्लास्टिक जला रहा था.
इसी बात को लेकर ललिता बघेल, पिन्टू जांगडे, कृष्णा राजपूत और कुछ उनके और साथियों का बेकरी में काम करने वाले स्टॉफ के साथ विवाद हुआ.
मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इसी दौरान कृष्णा ने गुस्से में आकर अपनी कार से बंदूक निकाली और मुखलाल मांझी के सीने में दाग दी.
गोली लगते ही मुखलाल मौके पर ही गिर गया. इसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए.
घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस ने मौके से 1 मैगजीन, एक कार और मोबाइल फोन जब्त किया है.
साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
हालांकि मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अभी भी फरार है.