रायपुर जेल में कैदी ने की खुदकुशी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के केन्द्रीय जेल में शनिवार को एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कैदी ओम प्रकाश हत्या के मामले में 2016 से जेल में बंद था.
उसने अपने बैरक में ही फांसी लगाकर जान दे दी. इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
अधिकारियों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस और जेल प्रशासन की टीम कैदी के आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है.
यह पहला मौका नहीं है, जब इस तरह का मामला सामने आया है. इससे पहले भी रायपुर की जेल में कई कैदियों ने खुदकुशी की कोशिश या खुदकुशी की है. इसी साल जनवरी में एक अफ्रीकन ड्रग्स सप्लायर ने फांसी लगाकर खुदकुशी की थी. वह अपने ही बैरक में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला था.
उसे साल 2021 में गिरफ्तार किया गया था. उसने अपने गमछे को फंदा बनाकर झूल गया था. जेल के अंदर इस तरह की घटनाओं से जेल प्रशासन पर गहरे सवाल खड़े होते हैं.