सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

विरोधियों की आवाज दबाने ईडी का सहारा- पायलट

H

Hupendra Sharma

26 जुल. 2025, 08:50 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सचिन पायलट
सचिन पायलट

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिव पायलट शनिवार को रायपुर पहुंचे और सेंट्रल जेल में चैतन्य बघेल से मुलाकात की. जेल से बाहर निकलकर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने केन्द्र सरकार पर तीखा हमला बोला.


उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार, विरोधियों को डराने का काम कर रही है. भाजपा केन्द्रीय एजेंसियों ईडी, सीबीआई और आईटी का दुरुपयोग कर रही है. ईडी तो अब बिना नोटिस और सम्मन भेजे भी कार्रवाई कर रही है.

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ बोलने वालों पर ईडी के छापे पड़ रहे हैं. एजेंसियों का उपयोग सिर्फ विरोधियों की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है. पिछले 10 साल में किसी भाजपा नेता के यहां छापा नहीं पड़ा है. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने हसदेव और तमनार में जंगल काटे जाने का विरोध किया. इसलिए कांग्रेसियों को टारगेट किया जा रहा है. यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है.


उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी कोशिश कर रही है कि कोई उनके खिलाफ आवाज न उठाए. उन्हें दबाने के लिए ये सब किया जा रहा है.


उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता के लिए खड़ी है. परिवार के एक-एक सदस्य के लिए कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ेगी. सचिन पायलट ने कहा कि जेल में चैतन्य बघेल से चर्चा हुई है. उन्होंने न्यायिक लड़ाई लड़ने की बात कही है. 


भाजपा ने कसा तंज

इधर पायलट के दौरे और इस मुलाकात पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में पप्पू और छत्तीसगढ़ में बिट्टू यही कांग्रेस की राजनीति बची है. कांग्रेस केवल परिवारवाद तक सिमट गई है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने नाकेबंदी के दौरान किराए से मजदूर बुलाए, लेकिन उनका भुगतान नहीं किया. 


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने 22 जुलाई को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया था.


कोर्ट ने 5 दिनों की रिमांड अवधि को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया था. इसके बाद चैतन्य को 4 अगस्त तक रायपुर जेल भेज दिया.


ईडी ने कहा था कि शराब घोटाले में चैतन्य बघेल ने कथित रूप से इसमें से 16.70 करोड़ की राशि का दुरुपयोग किया और उसे अपनी रियल एस्टेट कंपनियों के ज़रिए वैध दिखाने की कोशिश की. चैतन्य को 18 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP