MBBS-BDS प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अब 10 तक
रायपुर | संवाददाताः प्रदेश के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए आवेदन करने से चुके छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है.
अब 10 अगस्त रात 12 बजे से पहले तक आवेदन कर सकते हैं. पहले यह तारीख 4 अगस्त तक थी. वहीं आवंटन सूची पहले 8 अगस्त को आनी थी, जो अब 14 अगस्त को आएगी.
प्रदेश में एमबीबीएस की 1980 और बीडीएस की 700 समेत कुल 2680 सीटें हैं. इनमें प्रवेश के लिए 29 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया था.
इस बार 22,261 छात्र नीट क्वालिफाइड हैं, लेकिन इसमें केवल मेरिट में ऊपर 12 फीसदी छात्रों को ही प्रवेश मिलने की संभावना है. इस बार नीट यूजी सीजी टॉपर छात्र के 720 में 618 अंक है.
एनएमसी की मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने ऑल इंडिया कोटे के लिए तारीख बढ़ा दी थी.
इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्टेट, मैनेजमेंट और एनआरआई कोटे के लिए काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल रिवाइज कर दिया है. इससे भी राउंड रिवाइज हुआ है.
पहला राउंड- ऑनलाइन आवेदन तारीखः 7 अगस्त समय 11 बजे से 10 अगस्त तक रात 11.59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.
च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग हेतुः 7 अगस्त से समय 11 बजे से 11 अगस्त तक रात 11.59 तक आवेदन कर सकते हैं.
मेरिट लिस्ट जारी : 12 अगस्त.
सीट अलाटमेंट प्रक्रिया : 13 अगस्त.
रिजल्ट प्रकाशन : 14 अगस्त.
स्क्रूटनी और एडमिशन : 18 अगस्त से 23 अगस्त तक.
दूसरा राउंड – 27 अगस्त से 13 सितंबर.
मॉप-अप राउंड – 15-29 सितंबर.
स्ट्रे वैकेंसी राउंड – 1-8 अक्टूबर.
सीजीडीएमई ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें.
साथ ही एमसीसी और संचालनालय की वेबसाइट पर लगातार अपडेट देखते रहें ताकि कोई तकनीकी दिक्कत न आए.