सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सुकमा मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया

H

Hupendra Sharma

29 जुल. 2025, 02:54 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

मुठभेड़
मुठभेड़

सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा के बीच जंगल में मंगलवार को हुए मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक माओवादी को मारने का दावा किया है. मुठभेड़ के बाद मौके से मारे गए माओवादी का शव सहित हथियार, गोलियां और बम बनाने का सामान बरामद किया गया है. 


वहीं आईईडी की चपेट में आने से डीआरजी के तीन जवान घायल हो गए. घायल जवानों को मौके से सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां से उच्च स्तरीय उपचार के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है. फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है. बताया गया कि तीनों जवान खतरे से बाहर हैं.

विज्ञापन


दरअसल, माओवादी 28 जुलाई से शहीदी सप्ताह मना रहे हैं, जो 3 अगस्त तक चलेगा.


आमतौर पर माओवादी शहीदी सप्ताह के दौरान कुछ बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में रहते हैं. साथ ही जनसभाएं कर ग्रामीणों को प्रभावित करने की कोशिश भी करते हैं.


इसी के चलते बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवान अलर्ट पर हैं. सभी जिलों में भारी बारिश के बीच जवानों ने सर्चिंग तेज कर दी है.


सुकमा और दंतेवाड़ा के बीच जंगलों में माओवादियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया.


इस ऑपरेशन में डीआरजी, सीआरपीएफ और एसटीएफ के जवानों को भेजा गया. इसी दौरान आज मंगलवार को सुबह जवानों का सामना माओवादियों से हो गया.


घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए माओवादियों पर गोलीबारी शुरू की.


इसी दौरान माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया. आईईडी की चपेट में आने से डीआरजी के तीन जवान घायल हो गए.


मुठभेड़ के बीच में तलाशी के दौरान एक माओवादी का शव मिला है. साथ ही मुठभेड़ वाली जगह से बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक भी बरामद हुए हैं. बताया गया कि ऑपरेशन अभी भी जारी है.


इससे पहले सुरक्षा बलों ने 26 जुलाई को बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके में 4 इनामी माओवादियों को मार गिराया था.


इनमें 2 महिला और 2 पुरुष माओवादी शामिल हैं. इनमें तीन माओवादियों पर पांच-पांच लाख और एक पर 2 लाख का इनाम घोषित था. 


घटनास्थल से माओवादियों के शव के साथ पुलिस ने एक एसएलआर, एक इंसास, 3 राइफल, बीजीएल लांचर, सिंगल शॉट सहित भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था.


4 स्मारक ध्वस्त

इधर बीजापुर जिले के कोटमेटा के जंगल में सुरक्षा बलों ने चार माओवादी स्मारकों को ध्वस्त किया है.


माओवादियों के शहीदी सप्ताह के चलते विगत दो दिनों से कोटमेटा, इदेर और इंगुम के जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है.


यहां थाना जांगला, भैरमगढ़ और सीआरपीएफ 214 वाहिनी की संयुक्त टीमें कार्रवाई कर रही हैं

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP